विधायक प्रदीप बत्रा ने धोबी घाट से सोत बी चौकी तक सड़क निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। रुड़की के सोत मोहल्ले में क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। धोबी घाट से सोत बी चौकी तक सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ विधायक प्रदीप बत्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिसके चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासियों द्वारा काफी समय से इस सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि सड़क के निर्माण से सोत मोहल्ले सहित आसपास के कई मोहल्लों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस मार्ग के बेहतर होने से लोगों को बाजार क्षेत्र के जाम से होकर गुजरने की मजबूरी नहीं रहेगी, जिससे समय की बचत होगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनेगी। इस अवसर पर पार्षद संजीव राय ने सड़क निर्माण कार्य के लिए विधायक प्रदीप बत्रा एवं खानपुर विधायक उमेश कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र की एक बड़ी समस्या का समाधान होगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नावेद कुरैशी, पार्षद प्रतिनिधि साहिल, सुबोध चौधरी, इमरान, आतिफ, शिवम, यूनुस, इरफान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।



























