रुड़की में धर्म चेतना का महासंगम, विधायक प्रदीप बत्रा बोले—संस्कार ही हमारी शक्ति
City News Network – (मौहम्मद नाज़िम) :::
रुड़की। रुड़की की विवेकानंद बस्ती रविवार को उस समय धर्म और आस्था के रंग में रंगी नजर आई, जब ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में संत-महात्माओं के प्रवचन, वैदिक मंत्रोच्चार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में नगर विधायक प्रदीप बत्रा की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। हवन-यज्ञ के साथ शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना जागृत करना, सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना रहा।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर सामाजिक एकता का संदेश दिया। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रवोधनंद गिरि (पीठाधीश्वर श्री बालाजी धाम हरिद्वार, राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू रक्षा सेना) तथा धर्म प्रचारक संत शाश्वतानंद सरस्वती (शास्त्राचार्य, संस्थापक शाश्वत प्रवाह धर्म प्रचार प्रसार संघ) के ओजस्वी प्रवचनों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। संतों ने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और इसकी रक्षा हर नागरिक का दायित्व है।
मुख्य अतिथि नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि “विराट हिंदू सम्मेलन जैसे आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। धर्म और संस्कृति हमारी पहचान और गौरव का आधार हैं। हमें एकजुट होकर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प लेना चाहिए।” उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता पर बल दिया। कार्यक्रम के संयोजक धीर सिंह रहे। संरक्षक मंडल में रामपाल कश्यप, महेंद्र धीमान, अनिल गुप्ता, पुरुषोत्तम चुगानी, विपुल राठी एवं राजेश्वरी कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सह-संयोजक नीरज अग्रवाल, आकाश गोयल, जलज पाराशर, मनवापाल, रेखु यादव, कोषाध्यक्ष अश्वनी कौशिक, सचिन नामदेव, मुनीश शर्मा तथा पार्षद सचिन कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। सम्मेलन ने नगर में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रभावी संदेश दिया।

