रुड़की की सफाई हड़ताल पहुंची गैरसैंण दरबार विधायक बत्रा ने सीएम धामी के सामने उठाया मुद्दा
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब स्थानीय स्तर से निकलकर सरकार तक पहुंच गई है। इस मामले को लेकर रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी मांगों को प्रमुखता से उठाया। विधायक प्रदीप बत्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों की परेशानियों को गंभीरता से सुना और उनके प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए आश्वासन दिया कि वह स्वयं सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी अपील की कि शहर की स्वच्छता और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी सफाई कर्मचारी अपनी हड़ताल समाप्त कर पुनः कार्य पर लौटें। विधायक बत्रा ने कहा कि क्षेत्र की जनता और विभिन्न वर्गों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार जल्द ही सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी और इस विवाद का समाधान निकलेगा। उल्लेखनीय है कि रुड़की नगर निगम में तैनात आउटसोर्स सफाई कर्मचारी पिछले तीन दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और नगर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी इसका साफ असर दिखाई दे रहा है।

