शराब, शौक और साजिश… हरियाणा का हिस्ट्रीशीटर बना कार लुटेरा, पुलिस ने घेराबंदी में दबोचा
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: हरिद्वार पुलिस ने कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में कार लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए हरियाणा के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की मुस्तैदी और ताबड़तोड़ घेराबंदी के बाद आरोपी को मंगलौर क्षेत्र से दबोचा गया। घटना 14 मार्च 2026 की शाम की है, जब 112 के माध्यम से सूचना मिली कि तीन अज्ञात बदमाशों ने मंगलौर क्षेत्र निवासी रोहित कुमार पुत्र रविन्द्र सिंह की नेक्सोन कार (DL8C-BL-0846) लूट ली और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और वादी की निशानदेही पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। भागते समय बदमाशों ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे कार का अगला टायर फट गया। तेज रफ्तार में भागने की कोशिश कर रहे आरोपी जब खुद को पुलिस से घिरता देखे तो लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से लूटी हुई कार कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया।
डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी को चिन्हित कर 15 मार्च को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पुत्र नरेश निवासी मेहंदीपुर, थाना मुरथल जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने शौक और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में उतर गया। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने दोस्तों के साथ हरियाणा से हरिद्वार घूमने आया था, लेकिन शराब पीने के दौरान दोस्तों से विवाद हो गया और उसके साथी वाहन लेकर हरियाणा लौट गए।
दोस्तों को यह दिखाने के लिए कि उसके पास भी कार है, उसने रुड़की से किराये पर वाहन बुक किया और गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूटकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उस पर हरियाणा के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

