City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

प्रथम जिला स्तरीय एक दिवसीय पिटटू प्रतियोगिता का पूर्व मेयर गौरव ने उद्घाटन कर किया खिलाड़ियों का सम्मान

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह के बीच रुड़की में प्रथम जिला स्तरीय एक दिवसीय पिट्टू प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व मेयर गौरव गोयल ने किया, जहां खिलाड़ियों के जोश और ऊर्जा ने पूरे माहौल को खेलमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी देखने को मिली। उद्घाटन अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं के भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार भी करते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज के समय में सरकार को हर शहर और गांव में खेलों के लिए समुचित क्रीड़ा स्थल विकसित करने चाहिए, ताकि युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकें और भविष्य में रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकें। इस प्रतियोगिता का आयोजन हरिद्वार पिट्टू एसोसिएशन द्वारा किया गया, जिसमें जिले के पांच ब्लॉकों से करीब 100 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां हर टीम जीत के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरी। प्रतियोगिता के परिणामों में रुड़की ब्लॉक ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि झबरेड़ा ब्लॉक दूसरे और भगवानपुर ब्लॉक तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों को पूर्व मेयर गौरव गोयल द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि पिट्टू खेल को केंद्र सरकार द्वारा मान्यता मिल चुकी है और उनका लक्ष्य है कि इस पारंपरिक खेल को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाया जाए। कार्यक्रम में सचिन कर्ण सिंह चौहान, कोच समीर चौधरी और शशांक नौटियाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Translate »
Right Menu Icon