हाई स्कूल में शानदार अंक प्राप्त करने पर छात्र-छात्रा का किया सम्मान,पूर्व मेयर गौरव गोयल ने बताया कड़ी मेहनत और लगन का नतीजा
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: रुड़की में सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम के बाद खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला, जहां शहर के दो होनहार छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। ईशिका गुप्ता ने 97 प्रतिशत और शिवांश गुप्ता ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। इस खास मौके पर पूर्व मेयर गौरव गोयल स्वयं उनके निवास पहुंचे और दोनों मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता केवल अंकों की नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण की जीत है।
गौरव गोयल ने कहा कि ईशिका और शिवांश ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस उपलब्धि के पीछे अध्यापकों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों का सहयोग अहम भूमिका निभाता है। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि आज के युवा अगर ठान लें, तो किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। उनकी सफलता आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने दोनों छात्रों के माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई दी। कार्यक्रम में राजीव गुप्ता, दीपांकर गुप्ता, दिलीप मेहंदीरेत्ता, पंकज विश्नोई, ब्रजमोहन मौर्य, जगदीश शरण और अनुप शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

