लंढौरा में स्वास्थ्य माफिया पर सबसे बड़ा प्रहार, 5 अस्पतालों पर लगा ताला
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: लंढौरा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अस्पतालों को सील कर दिया। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर ऐसे अस्पतालों पर शिकंजा कसा जहां बिना योग्य डॉक्टरों के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अपर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में भारत हेल्थ केयर, सुपर हेल्थ केयर, निर्मला मैटरनिटी होम, ग्लोबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल और इंडियन नर्सिंग होम पर सील की कार्रवाई की गई। जांच के दौरान इन अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
कहीं योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं मिले तो कहीं प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ का अभाव पाया गया। बिना डिग्री और अनुभव के मरीजों का इलाज किया जा रहा था, यहां तक कि डिलीवरी जैसे गंभीर मामलों को भी अंजाम दिया जा रहा था। सबसे चौंकाने वाला मामला ग्लोबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में सामने आया, जहां बिना अधिकृत विशेषज्ञ के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे।
अपर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

