भार्गव नर्सिंग होम में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा परिसर



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रुड़की के सुप्रसिद्ध भार्गव नर्सिंग होम में भी आजादी का 80वां पर्व पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। सुबह से ही नर्सिंग होम परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। तिरंगे की शान और देशभक्ति के नारों के बीच पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में भार्गव नर्सिंग होम के प्रबंधक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजय भार्गव मुख्य रूप से मौजूद रहे। निर्धारित समय पर डॉ. अजय भार्गव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। और सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से भर उठा। इसके बाद वंदे मातरम के उद्घोष ने कार्यक्रम में जोश और उत्साह को और बढ़ा दिया। इस दौरान मौजूद चिकित्सकों, स्टाफ और अन्य लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर सपूतों के बलिदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उन महान वीरों के त्याग और संघर्ष की विरासत है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
सभी ने देश की तरक्की में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। समारोह के समापन पर भार्गव नर्सिंग होम परिवार की ओर से एक-दूसरे को मिष्ठान वितरित किया गया। मिठाई बांटकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं और सभी ने एक-दूसरे को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ अजय भार्गव, डॉ रमा भार्गव, बाल किशन, मूल चंद, बसंत जोशी, सोनिया, मो जुनैद, शहरीन, वसीम, गुलफशा, रविंदर गिरि, शालू खन्ना और अरविंद सहित भार्गव नर्सिंग होम का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


























