ऑल इंडिया कराटे में रुड़की का परचम, गौरव गोयल ने किया खिलाड़ियों का सम्मान



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: ऋषिकेश में आयोजित ऑल इंडिया कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल कर लौटे रुड़की नगर के होनहार खिलाड़ियों का पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में नगर के दो दर्जन से अधिक बच्चों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से परिजनों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। सम्मान समारोह के दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल ने पदक विजेता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद रुड़की के बच्चों ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर नगर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और संघर्ष करने की भावना भी विकसित करते हैं। गौरव गोयल ने कहा कि आज पदक जीतकर लौटे ये खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगे भी निरंतर अभ्यास करने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से जुटे रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पदक विजेता बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता रुड़की के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है।
ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और बेहतर अवसर मिलना बेहद जरूरी है, ताकि उनकी प्रतिभा को नई उड़ान मिल सके। इस अवसर पर कराटे कोच विपिन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।


























