रुड़की में ऐतिहासिक ध्वज स्थापना के साथ 107वीं रामलीला का श्रीगणेश



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: नगर की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक श्रीरामलीला समिति (बीटी) की 107वीं रामलीला के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार को श्रीहनुमान जी की ध्वजा-पताका शोभायात्रा श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के बीच निकाली गई। रक्षासूत्र के पावन पर्व पर निकली इस भव्य यात्रा ने पूरे शहर को राममय कर दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड की मधुर धुनों और मनमोहक झांकियों के बीच श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ पंचायती धर्मशाला से हुआ। यहां से ध्वजा-पताका के साथ निकली यात्रा नगर के प्रमुख बाजारों और विभिन्न मार्गों से होती हुई गंगा घाट पहुंची।
रास्तेभर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। गंगा घाट पर विधि-विधान के साथ श्रीहनुमान जी की ध्वजा-पताका को गंगा स्नान कराया गया। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ध्वजा को बीटी गंज (सुभाष गंज) स्थित रामलीला रंगमंच स्थल पर ले जाया गया, जहां विधिवत ध्वज स्थापना की गई। ध्वज स्थापना के साथ ही 107वीं रामलीला के आयोजन का औपचारिक श्रीगणेश हो गया।
इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष सुबोध गुप्ता ने कहा कि बीते 107 वर्षों से चली आ रही रामलीला की परंपरा रुड़की की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल भगवान श्रीराम की कथा का मंचन नहीं, बल्कि समाज और नई पीढ़ी को सत्य, मर्यादा, त्याग, संस्कार और धर्म के मार्ग से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। समिति इस ऐतिहासिक परंपरा को पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल ने कहा कि श्रीहनुमान जी की ध्वजा-पताका शोभायात्रा रामलीला के शुभारंभ से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक विधान है।


























