रुड़की पुलिस का स्पा सेंटरों व कैफे पर छापामारी अभियान, कर्मचारियों का सत्यापन न मिलने पर कार्रवाई
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: स्पा सेंटरों और कैफे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने अब सख्ती शुरू कर दी है। कोतवाली रुड़की पुलिस ने थाना क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों और कैफे पर छापामारी एवं सत्यापन अभियान चलाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर वहां कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी जुटाई और पुलिस सत्यापन की स्थिति जांची। इसी दौरान MS नेचर स्पा सेंटर में एक कर्मचारी का पुलिस सत्यापन नहीं पाया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध धारा 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की और चालान माननीय न्यायालय भेजा।
साथ ही स्पा सेंटर संचालक को सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की हिदायत दी गई। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों और कैफे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी और सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का नियमानुसार पुलिस सत्यापन कराया जाए और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखे जाएं।
साथ ही पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं। रुड़की पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि स्पा सेंटरों और कैफे में नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।

