City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

सिम कार्ड से रची गई साजिश गंगनहर पुलिस ने खोला नाबालिग अपहरण कांड का रहस्य

(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की! रुड़की से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नाबालिग अपहरण के पीछे रची गई साजिश की परतें अब धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने अपहरण कांड में शामिल मुख्य आरोपी के एक और साथी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं अपह्रत नाबालिग को सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, दिनांक 13 जनवरी 2026 को कोतवाली गंगनहर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन को सलमान पुत्र इसरार निवासी लाठर देवा शेख थाना झबरेड़ा अपने साथियों की मदद से बहला-फुसलाकर ले गया है। इस मामले में थाना गंगनहर में मुकदमा संख्या 14/2026 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी रुड़की के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर ने कई पुलिस टीमों का गठन किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे। जांच में सामने आया कि अपहरण की साजिश में सोहेल पुत्र इनामुल हक निवासी सालियर सलाहपुर कोतवाली गंगनहर भी शामिल था। आरोपी सोहेल ने अपनी आईडी पर सिम कार्ड लेकर मुख्य आरोपी सलमान से नाबालिग की बातचीत करवाई और अपहरण में सक्रिय भूमिका निभाई। गंगनहर पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर खास की सूचना पर आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपह्रत नाबालिग को दिनांक 20 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना सिखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निराना से सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस पूरी कार्रवाई में गंगनहर पुलिस टीम की सतर्कता और तेजी की सराहना की जा रही है, जिसने समय रहते नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। उ0नि0 मुनव्वर हुसैन ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और अपहरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हेड कांस्टेबल इसरार और हेड कांस्टेबल बबीता की सक्रिय भूमिका से पुलिस को अहम जानकारियां मिलीं, जिसके चलते अपह्रता की सकुशल बरामदगी संभव हो सकी।

Translate »
Right Menu Icon