संगठन की जड़ें मजबूत करने का कांग्रेस का मास्टरप्लान, जिलाध्यक्ष बनेंगे बदलाव की धुरी: राजेंद्र चौधरी
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन अभियान के जरिए जमीनी राजनीति को नए सिरे से धार देने की तैयारी कर ली है। इसी क्रम में उत्तराखंड और हरियाणा के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम कुरुक्षेत्र में सम्पन्न हुआ, जिसमें संगठन को धरातल पर मजबूत करने की रणनीति पर गहन मंथन किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ प्रशिक्षक सचिन राव एवं शशिकांत सेंथिल के नेतृत्व में जिलाध्यक्षों को राजनीतिक समझ, सामाजिक दायित्व और नैतिक मूल्यों के साथ संगठन संचालन की बारीकियां सिखाई गईं। कुल 40 सत्रों में गांधी विचारधारा, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण, सूचना तंत्र, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और भारत के संबंधों के साथ-साथ गांव भ्रमण, सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण जैसे व्यावहारिक विषयों पर विशेष फोकस रहा। रुड़की महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने का रोडमैप है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अब जनता से सीधे जुड़कर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के नौवें दिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विशेष सत्र को संबोधित करते हुए बड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस की असली ताकत जिला संगठन है और अब जिलाध्यक्ष केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि बदलाव के केंद्र होंगे। राहुल गांधी ने कहा कि जिलाध्यक्षों को सीधे केंद्रीय नेतृत्व से जोड़कर विशेष अधिकार दिए जाएंगे और उनके कार्यों की निगरानी होगी। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि भविष्य में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जिलाध्यक्षों में से ही चुने जा सकते हैं और अब पदों का मूल्यांकन सिफारिश नहीं, बल्कि प्रदर्शन के आधार पर होगा। इस दौरान राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों के परिजनों से भी संवाद किया और उनके पारिवारिक जीवन को करीब से समझा। कार्यक्रम में रुड़की महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट की धर्मपत्नी भावना चौधरी ने राहुल गांधी को रुड़की के कुटीर उद्योग में निर्मित पीतल का अशोक स्तंभ भेंट किया। वहीं पुत्री पूर्णिमा और भतीजे उदय से उनकी शिक्षा, करियर और भविष्य को लेकर राहुल गांधी ने शुभकामनाएं दीं।



























