गुरु रविदास जयंती पर पूर्व मेयर गौरव गोयल का संदेश: आत्मविश्वास से ही समाज का उत्थान संभव
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर ग्राम ब्रहमपुर कान्हापुर स्थित रविदास मंदिर में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गुरु रविदास जी के विचारों को समाज के लिए आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि गुरुजी ने अपने संपूर्ण जीवन में जातिगत भेदभाव, सामाजिक कुरीतियों और अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज़ बुलंद की। वहीं पूर्व मेयर गौरव गोयल ने अपने संबोधन में आत्मविश्वास को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि लक्ष्य जितना बड़ा होता है,
उसका मार्ग भी उतना ही कठिन होता है। ऐसे में केवल सामान्य आत्मविश्वास नहीं, बल्कि उच्च स्तर का आत्मबल आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि निराशा का एक क्षण भी लक्ष्य को दूर और कठिन बना देता है, जबकि आत्मविश्वास मनुष्य का ऐसा साथी है जो हर परिस्थिति में उसे संभालता है। उन्होंने दूसरों पर अत्यधिक निर्भरता को आत्मिक दुर्बलता का कारण बताते हुए कहा कि स्वयं पर विश्वास रखने वाला व्यक्ति ही हर बाधा को पार कर सकता है। पूर्व मेयर ने आह्वान किया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपनाकर समाज को शिक्षित, संगठित और समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। इस दौरान गौरव गोयल ने रविदास मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर गुरुजी का आशीर्वाद भी लिया। कार्यक्रम में राजकुमार दास गुरु जी, विनोद कुमार, श्याम कुमार, पवन कुमार, बिजेंद्र कुमार, ईसम सिंह, राजेश कुमार, देशराज, अमर सिंह, दयाराम, बृजेश कुमारी, गीता रानी, कल्पना, गुड्डन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



























