गंगनहर किनारे ‘मौत की गुत्थी’ बाग में मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका से दहशत
(मौहम्मद नाज़िम) मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गंग नहर के किनारे स्थित एक सुनसान बाग में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों की नजर एक संदिग्ध हालत में पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच प्रारंभ कर दी। करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बाग के भीतर पड़ा मिला। शव की स्थिति और आसपास के हालात कई सवाल खड़े कर रहे हैं। खास बात यह रही कि मृतक के पास ही एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जिसने मामले को और पेचीदा बना दिया है। पुलिस अब इसी मोटरसाइकिल को अहम सुराग मानते हुए पहचान और घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों पर से पर्दा उठ सकेगा। हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा। वहीं सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी ने बताया कि हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है। आसपास के गांवों में सूचना भेजकर शव की शिनाख्त कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। सूत्रों की मानें तो शव का हुलिया घोसीपुरा क्षेत्र से लापता एक व्यक्ति से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। परिजनों को मौके पर बुलाया गया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे यह ‘मौत की गुत्थी’ और गहराती जा रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्य से पर्दा उठा सकती है।



























