City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

दुर्घटनाओं पर लगेगा विराम: अक्षय प्रताप सिंह की पहल से गंगनहर सुरक्षा मिशन शुरू

(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। गंगनहर में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर भाजपा जिला महामंत्री ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह की पहल पर प्रशासन हरकत में आया है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें गंगनहर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस और प्रभावी निर्णय लिए गए। ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह द्वारा गंगनहर की सुरक्षा को लेकर दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए बुलाई गई इस बैठक में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के प्रोफेसरगण, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान (एनआईएच) के विशेषज्ञ, सेना के प्रतिनिधि, एमएनए, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड सिंचाई विभाग के सिविल इंजीनियर व वास्तुविद उपस्थित रहे। सभी ने तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि पुलों पर सुरक्षा हार्नेस और रस्सियों की व्यवस्था की जाएगी, गंगनहर क्षेत्र का समग्र सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा तथा घाटों पर मजबूत रेलिंग लगाई जाएगी। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, लाउडस्पीकर और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। आईआईटी रुड़की के सहयोग से विद्यार्थियों के बीच नवाचार प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें आधुनिक तकनीकी समाधान आमंत्रित किए जाएंगे। इस अवसर पर ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि गंगनहर क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्वरित संज्ञान लेकर बैठक आयोजित करना सराहनीय कदम है। प्रशासन, तकनीकी संस्थानों और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से अब गंगनहर को सुरक्षित बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं।

Spread the love
Translate »
Right Menu Icon