श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया होली मिलन समारोह।
City News Network (मौहम्मद नाज़िम) :::
रुड़की। मखदूमपुर स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज में होली मिलन कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में रंगों की खुशबू और उमंग का माहौल देखने को मिला। शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी के आपसी अभिवादन और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान से हुई। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय आर्य ने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली हमारे भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज में आपसी प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें आपसी मनमुटाव भुलाकर नई शुरुआत करने की प्रेरणा देते हैं।b
साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि त्योहार को सुरक्षित और मर्यादित तरीके से मनाएं तथा एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग की भावना ही सफलता की कुंजी है। होली जैसे पर्व हमें एकजुट होकर आगे बढ़ने की सीख देते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सदस्यों ने मिठाइयां वितरित कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन में आत्मीयता और अपनत्व का भाव स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
होली मिलन कार्यक्रम ने विद्यालय परिवार के बीच आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत करने का कार्य किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर मनोज कुमार, सुधीर कुमार, बाबू नरेंद्र देव, अभिषेक कुमार, पंकज कुमार, संदीप कुमार, सूरज चौधरी, अंजलि अग्रवाल, उपासना आदि उपस्थित रहे।



























