शिक्षा जगत में मखदुमपुर का गौरव: प्रधानाचार्य संजय आर्य को मानद डॉक्टरेट
City News Network (मौहम्मद नाज़िम) :::
रुड़की। शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट, उल्लेखनीय और दीर्घकालीन योगदान के लिए श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज, मखदुमपुर के प्रधानाचार्य संजय आर्य को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से अलंकृत किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड फाउंडेशन तथा मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म अभिनेता एवं डायरेक्टर मनोज कुमार भाटिया तथा यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर डॉ. सीपी यादव उपस्थित रहे। उन्होंने संजय आर्य को शॉल, प्रशस्ति पत्र और मानद उपाधि प्रदान करते हुए उनके शैक्षणिक नेतृत्व, नवाचार और समाजहित में किए गए रचनात्मक कार्यों की सराहना की। प्रधानाचार्य संजय आर्य के नेतृत्व में श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज ने शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
विद्यालय में डिजिटल शिक्षण प्रणाली, स्मार्ट क्लास, नैतिक शिक्षा अभियान, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास हेतु विशेष कार्यक्रम संचालित किए गए। उनके प्रयासों से कॉलेज का परीक्षा परिणाम निरंतर बेहतर हुआ है और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इस अवसर पर कॉलेज की प्रवक्ता पारुल गोयल को भी उनकी समर्पित शिक्षण सेवाओं और छात्र मार्गदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पारुल गोयल ने छात्राओं के शैक्षिक उत्थान, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है, जिससे कॉलेज की पहचान और सुदृढ़ हुई है।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि संजय आर्य का व्यक्तित्व शिक्षा और समाज सेवा का प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में कॉलेज केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और सामाजिक चेतना का भी महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। अपने संबोधन में संजय आर्य ने इस उपलब्धि को समस्त कॉलेज परिवार, सहयोगी शिक्षकों विशेषकर पारुल गोयल तथा विद्यार्थियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और वे भविष्य में भी शिक्षा व समाजहित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।



























