गैस सप्लाई पर प्रशासन का कड़ा पहरा संयुक्त मजिस्ट्रेट ने एजेंसी पहुंचकर लिया जायजा
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: आवश्यक वस्तुओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने शहर स्थित दीपाली गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने गैस सिलेंडरों के उपलब्ध स्टॉक, उपभोक्ताओं को होने वाली आपूर्ति, बुकिंग प्रणाली और वितरण व्यवस्था की गहनता से जांच की। उन्होंने एजेंसी के रिकॉर्ड भी खंगाले और यह सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं या नहीं।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने एजेंसी संचालक को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, अनियमितता या उपभोक्ताओं के साथ भेदभाव पाए जाने पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और गैस सिलेंडरों के भंडारण की व्यवस्था की भी विस्तार से जांच की गई। अधिकारियों ने एजेंसी संचालक को सभी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर पूरी तरह सतर्क है और आम जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति में परेशानी होती है या अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
