रुड़की की बदहाल व्यवस्थाओं पर कांग्रेस का अल्टीमेटम 3 दिन में समाधान नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरेगी पार्टी : राजेंद्र चौधरी
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: शहर की बिगड़ती व्यवस्थाओं और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने अब खुलकर मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपते हुए साफ चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर शहर की प्रमुख जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगी। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समय-समय पर प्रशासन को शहर की समस्याओं से अवगत कराती रही है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के सुस्त रवैये के कारण आज शहर की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है और हर तरफ अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को नोटिस सौंपते हुए पांच प्रमुख मांगें उठाईं। सबसे पहले शहर में बनी रसोई गैस की किल्लत को तुरंत दूर कर गैस सप्लाई को सुचारू करने की मांग की गई। साथ ही नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में फैली गंदगी पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था बहाल करने को कहा गया।
कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई।
इसके अलावा खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा नए राशन कार्ड न बनाए जाने के कारण गरीब परिवारों को आयुष्मान योजना के तहत इलाज का लाभ नहीं मिल पा रहा है, इस समस्या के समाधान की भी मांग की गई। उन्होंने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और देह व्यापार पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रुड़की में अपराध और अव्यवस्था का माहौल बढ़ता जा रहा है। यदि तीन दिन के भीतर इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जिला कांग्रेस कमेटी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। संयुक्त मजिस्ट्रेट को नोटिस देने के बाद महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी अपने पदाधिकारियों के साथ पड़ाव पहुंचे, जहां नगर निगम के सफाई कर्मचारी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने उनसे मुलाकात कर पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि रुड़की शहर की सेवा करने वाले सफाई कर्मियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई में तन-मन से उनके साथ खड़ी रहेगी। इस अवसर पर संजय तोमर उर्फ गुड्डू, वैभव सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, नीरज सैनी, डॉ. हरविंदर सिंह, विशाल सहगल, ओमवीर सिंह मलिक, डॉ. परवेज आलम, इस्तखार, विकास त्यागी, सुनील शर्मा और हिमांशु चौधरी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

