City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

सिलेंडर के दाम पर सियासी घमासान रुड़की में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में शनिवार को रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सिविल लाइन स्थित चंद्रशेखर चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता चौक पर एकत्र हुए और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए “संसद से नरेंद्र गायब, रसोई से सिलेंडर गायब” जैसे तीखे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है और गरीब तथा मध्यम वर्ग के परिवारों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है और महंगाई से राहत दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। वहीं प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई और बेरोजगारी दोनों चरम पर हैं, लेकिन सरकार को जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा। प्रदेश महासचिव विकास त्यागी ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी की कमर टूट गई है। उन्होंने सरकार से घरेलू गैस सिलेंडर के दाम तुरंत कम करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर लगाम नहीं लगी तो कांग्रेस का आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल उस समय गरमा गया जब ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रही पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच कहासुनी हो गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन में दखल दे रही है। हालांकि रुड़की कोतवाली के सीनियर सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राठी ने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल ट्रैफिक और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद है और प्रदर्शन में बाधा डालने का कोई उद्देश्य नहीं है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “जब-जब धामी डरता है, पुलिस को आगे करता है” जैसे नारे भी लगाए। कुछ देर तक चली इस नोकझोंक के बाद स्थिति सामान्य हो गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मदनपाल सिंह भडाना ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री वैभव सैनी ने किया। इस मौके पर पूर्व पार्षद संजय गुड्डू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुल्किराज सैनी, प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता, नंदलाल यादव, अजय राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, डॉ. अमीर अहमद, जाकिर हुसैन, नरेंद्र शर्मा, नीरज अग्रवाल, मोहित त्यागी, ओमवीर सिंह मलिक, मिंटू जायसवाल, राजकुमार सेन, डीपी गुप्ता, शमशेर, राहुल सैनी, भूषण त्यागी, पंडित वीरेंद्र शर्मा, कलीम खान, नवीन जैन, नौशाद, दिलीप, सोनू, जयकुमार, बिट्टू, दिनेश कुमार, अफजल समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Translate »
Right Menu Icon