हड़ताल के बीच सड़कों पर उतरे मेयर और अधिकारी रुड़की में कूड़े के ढेर के बीच चलाया स्वच्छता अभियान
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: नगर निगम के सफाई कर्मियों की लगातार जारी हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए प्रशासन और कर्मचारियों के बीच लगातार वार्ता का दौर जारी है, लेकिन अभी तक किसी भी मुद्दे पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। इसी बीच नगर निगम प्रशासन ने खुद सड़कों पर उतरकर स्वच्छता अभियान चलाया और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान मेयर अनीता देवी अग्रवाल, नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी सहित निगम के कई अधिकारी और पार्षद सड़क पर उतरे और जगह-जगह फैले कूड़े को इकट्ठा कर नगर निगम की गाड़ियों में भरवाकर निस्तारण के लिए भिजवाया। मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मियों के साथ लगातार वार्ता की जा रही है और उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा, जिसके बाद सभी सफाई कर्मचारी अपने कार्य पर वापस लौट आएंगे।
इस अवसर पर मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, पार्षद राकेश गर्ग, जेपी शर्मा, रमेश जोशी, मोहम्मद साहिल, सावित्री मंगल, रश्मि चौधरी, एसपी गुप्ता सहित कई पार्षद और कर्मचारी मौजूद रहे।

