कैबिनेट विस्तार का बड़ा फैसला आज: प्रदीप बत्रा सबसे आगे, मदन कौशिक और आदेश चौहान भी मजबूत दावेदार
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: उत्तराखंड की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर आज विराम लग सकता है। प्रदेश सरकार में इस समय पांच मंत्री पद खाली हैं, जिन्हें भरने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में सियासी गलियारों में नामों की चर्चा तेज है, लेकिन सबसे ज्यादा जिस नाम ने सुर्खियां बटोरी हैं, वह है रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा। तीन बार से विधायक प्रदीप बत्रा को इस बार कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावनाएं सबसे प्रबल मानी जा रही हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़, संगठन में सक्रिय भूमिका और लगातार जीत का रिकॉर्ड उनकी दावेदारी को और मजबूत बनाता है।
समर्थकों का कहना है कि बत्रा लंबे समय से मंत्री पद के योग्य हैं और इस बार उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। रुड़की की जनता भी आज बड़ी उम्मीदों के साथ इस फैसले का इंतजार कर रही है। हालांकि, राजनीतिक समीकरणों में अन्य दिग्गज भी अपनी जगह बनाए हुए हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में है।
उनका अनुभव और संगठन पर पकड़ उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है। वहीं रानीपुर विधायक आदेश चौहान भी इस दौड़ में पीछे नहीं माने जा रहे हैं। अब सबकी निगाहें आज होने वाले शपथ ग्रहण पर टिकी हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार रुड़की को कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिलेगा और क्या प्रदीप बत्रा का इंतजार खत्म होगा, या फिर राजनीतिक समीकरण कोई नया मोड़ लेंगे। आज का फैसला प्रदेश की सियासत की दिशा तय कर सकता है।

