हरिद्वार में शिक्षा का नया केंद्र, फिजिक्स वाला विद्यापीठ का भव्य आगाज़
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार: हरिद्वार के रानीपुर चौक क्षेत्र में आज शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत हुई, जब देशभर में अपनी गुणवत्ता और आधुनिक शिक्षण प्रणाली के लिए पहचान बना चुके फिजिक्स वाला विद्यापीठ का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के साथ ही अब हरिद्वार और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों के छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय शिक्षा उनके अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेगी। यह संस्थान न केवल अत्याधुनिक तकनीक और स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से पढ़ाई कराएगा,
बल्कि अनुभवी शिक्षकों की टीम छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करेगी। खास बात यह है कि यहां शिक्षा को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के लिए नए-नए तरीकों को अपनाया जाएगा, जिससे छात्रों की समझ बेहतर हो सके। फिजिक्स वाला विद्यापीठ का दावा है कि उनकी फीस संरचना अन्य बड़े संस्थानों की तुलना में काफी किफायती रखी गई है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली छात्र भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहें।
यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। देशभर में अपने 175 से अधिक केंद्रों के माध्यम से लाखों छात्रों को शिक्षित कर चुके इस संस्थान ने अब हरिद्वार में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उद्घाटन समारोह में दिल्ली, राजस्थान सहित कई राज्यों से आए शिक्षकों और पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।
संस्थान द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराना और पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने पर ध्यान देना इसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में शामिल है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि हरिद्वार में खुला यह नया शिक्षण केंद्र आने वाले समय में छात्रों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा।

