रुड़की में गौकशी गैंग पर शिकंजा, छापेमारी में महिला पकड़ी, 5 आरोपी फरार
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: रुड़की क्षेत्र में गौकशी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली रुड़की पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर ग्राम जोरासी में छापेमारी की गई, जहां एक महिला को मौके से हिरासत में लिया गया, जबकि पांच अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी और संदिग्ध मकान की घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान मौके से गौवंशीय मांस और पशु कटान में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह, उपनिरीक्षक आनंद मेहरा, कांस्टेबल रणवीर सिंह और कांस्टेबल अनिल शर्मा की अहम भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में है और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

