City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

राजेंद्र चौधरी का आरोप—250 रुपये के रिफ्लेक्टर पर 2.5 लाख का भ्रष्टाचार!

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: रुड़की के मलकपुर चुंगी स्थित तिराहा मोड़ पर कथित तौर पर हुए रिफ्लेक्टर घोटाले ने सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी को मिली शिकायत के बाद जब मौके पर निरीक्षण किया गया, तो हकीकत चौंकाने वाली निकली। जहां कागजों में 10 रिफ्लेक्टर लगाए जाने का दावा किया गया है, वहीं मौके पर केवल 2 सही रिफ्लेक्टर ही दिखाई दिए। इसके अलावा एक टूटा हुआ, एक उखड़ा हुआ और कुछ बिखरे हुए रिफ्लेक्टर मौके पर पड़े मिले। निरीक्षण के दौरान अनुमान लगाया गया कि एक रिफ्लेक्टर की वास्तविक कीमत महज 200 से 250 रुपये के बीच है। ऐसे में अधिकतम 4 से 5 हजार रुपये में पूरा काम होने की संभावना जताई गई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस कार्य के नाम पर करीब ढाई लाख रुपये का बिल पास कर दिया गया। यह मामला सीधे तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। राजेंद्र चौधरी ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किस विभाग ने इतनी बड़ी अनियमितता करने की हिम्मत दिखाई? इस पूरे प्रकरण में किन अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत है? और सबसे बड़ा सवाल—आखिर प्रशासन इस पर चुप क्यों है? उन्होंने कहा कि यह मामला केवल लापरवाही नहीं बल्कि जनता के टैक्स के पैसों की खुली लूट है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी और दोषियों को बेनकाब करने का काम करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी जल्द ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को इस संबंध में शिकायती पत्र सौंपेगी, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Translate »
Right Menu Icon