युवाओं के सपनों की चोरी और जनता का ब्रेनवॉश! भाजपा पर बरसे आलोक शर्मा
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाकर देशवासियों को गुमराह करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और लगातार हो रहे पेपर लीक जैसे गंभीर विषयों पर सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। सोमवार को महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी के कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पहुंचे आलोक शर्मा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान उन्हें पटका पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नीट, एसएससी समेत कई बड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के आरोप सामने आए, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे युवाओं में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है, जबकि महिलाओं के खिलाफ अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके बावजूद सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नजर नहीं आ रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल प्रचार और छवि निर्माण की राजनीति में व्यस्त है। प्रेस वार्ता में महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने न केवल युवाओं के सपनों को झटका दिया है बल्कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हजारों सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर नहीं है। राजेंद्र चौधरी ने दावा किया कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है, जबकि जनता को महंगी बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा और जनसरोकारों के मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट नहीं हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, पीसीसी सदस्य अरविंद प्रधान, महिला कांग्रेस रुड़की अध्यक्ष यास्मीन खान, जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, अजय चौधरी, वीना आनंद, संजय गुड्डू, नीरज सैनी, नरेंद्र शर्मा मिंटू, सुभाष चंद शर्मा, नौशाद अली, नीरज अग्रवाल, विशाल सहगल, पंकज सोनकर, शमशेर अली, उम्मेद गाजी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

