चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर डीएम का सख्त निरीक्षण, हरकी पौड़ी पहुंचकर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार: चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को हरकी पौड़ी पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। डीएम ने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था लगातार सुचारू बनी रहे। उन्होंने कहा कि बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा ताकि जाम अथवा अव्यवस्था जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।
उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस एवं सुरक्षा बलों को यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ ही प्रशासन और पुलिस की संयुक्त तैयारियां श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में लगातार जारी हैं।

