City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

हरेला पर्व पर गूंजा हरियाली का संदेश, विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और प्रकृति संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज, मखदुमपुर में हरेला पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधे लगाए और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प भी दोहराया। इस दौरान विद्यालय परिसर हरियाली के संदेश से सराबोर नजर आया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और बदलता जलवायु संतुलन आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में हरेला जैसे पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संजय आर्य ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। यही हमें शुद्ध वायु, जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और स्वस्थ पर्यावरण प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में केवल एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को अपने घर, गांव और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिवार ने प्रकृति संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए हरेला पर्व को सामाजिक जागरूकता के अभियान के रूप में मनाया।

Translate »
Right Menu Icon