यूट्यूब पर ‘अघोरा’ बनकर बिछाते थे तंत्र-मंत्र का जाल, हरिद्वार पुलिस ने 12 घंटे में तोड़ा ठगी गैंग का खेल
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार: धर्म, आस्था और अंधविश्वास की आड़ में लोगों की मेहनत की कमाई लूटने वाले एक शातिर गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना श्यामपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों के भरोसे पर चल रहे इस ठगी के खेल का पर्दाफाश कर दिया।
मामला तब सामने आया जब हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार को “AGHORA” नाम के यूट्यूब चैनल के जरिए तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा के नाम पर चंडी देवी मंदिर क्षेत्र बुलाया गया। कथित पूजा के लिए 4 लाख 60 हजार रुपये मांगे गए।
आरोपियों ने लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर पीड़ित को मंत्र जाप में उलझाया और रुपयों से भरा बैग अपनी कार में रखवाकर पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर के थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर तकनीकी और मैनुअल जांच शुरू की।
माइनिंग चेक पोस्ट चिड़ियापुर के पास से मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, मोन्टी जोशी और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 55 हजार रुपये नकद, आईफोन 17 प्रो मैक्स, घटना में प्रयुक्त एंडेवर कार तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतकर तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत और चमत्कार के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करते थे।

