बोट क्लब चौक पर शिवभक्तों का भव्य स्वागत, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सेवा को बताया सबसे बड़ा पुण्य



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: सावन माह में आस्था, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हजारों शिवभक्त कांवड़ियों का बोट क्लब चौक पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल स्वयं शिवभक्तों की सेवा में जुटे दिखाई दिए। उन्होंने कांवड़ियों का पुष्पाभिवादन करते हुए उन्हें शीतल जूस वितरित किया और उनकी मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना और मानव सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, संयम और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे में गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करने से भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त होती है और समाज में सेवा की भावना भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान कांवड़ियों को गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से शीतल पेय वितरित किए गए। शिवभक्तों ने भी इस आत्मीय स्वागत और सेवा भाव की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बोट क्लब चौक पर भक्तिमय माहौल बना रहा और “बम-बम भोले” तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष लगातार गूंजते रहे। इस सेवा अभियान में विभोर अग्रवाल, तुषार गोयल, वरुण जैन, निखिल सेठी, वरुण गोयल, निखिल तायल, नितिन जिंदल, गौरव गर्ग और विशाल कथूरिया सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने शिवभक्तों की सेवा को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


























