शिवभक्तों की सेवा में उतरे एसपी देहात, भारत विकास परिषद के सेवा शिविर में बढ़ाया उत्साह



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: सावन माह में आस्था और सेवा का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब बोट क्लब चौक स्थित भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा रुड़की द्वारा संचालित कांवड़ सेवा शिविर में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल पहुंचे। उन्होंने स्वयं शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा कर उन्हें प्रसाद एवं आवश्यक सामग्री वितरित की।
एसपी की सादगी और सेवा भावना ने शिविर में मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना कर दिया और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान एसपी देहात ने गंगनहर किनारे संचालित विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का निरीक्षण भी किया तथा सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भारत विकास परिषद के सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। ऐसे सेवा शिविर न केवल श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।
भारत विकास परिषद की अध्यक्ष आशा चंद्रा ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि संस्था वर्षों से धार्मिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है और भविष्य में भी जनसेवा का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। शिविर में आने वाले शिवभक्तों का पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्यों में जुटे रहे। इस अवसर पर व्यापारी नेता अरविंद कश्यप, युवा समाजसेवी सौरभ सिंघल, शशिकांत अग्रवाल, संजय सिंघल, मयंक अग्रवाल, अनिल जैन, पारुल गोयल, स्वीटी अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल, पूजा गुप्ता, मनमोहन शर्मा, राजेश गुप्ता, विपिन कुमार, मनोज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























