औषधीय पौधों से महका क्वाड्रा परिसर, रोटरी क्लब ने रोपे 25 पौधे; संरक्षण का भी लिया संकल्प
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: हरियाली को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन ने एक अनूठी पहल की। क्लब की ओर से क्वाड्रा इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा परिसर में औषधीय पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसके तहत विभिन्न प्रजातियों के करीब 25 औषधीय पौधे रोपे गए। कार्यक्रम के दौरान पौधे लगाने के साथ ही उनके संरक्षण और नियमित देखभाल को लेकर भी क्लब सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारी तय की।
अभियान का उद्देश्य केवल परिसर को हरा-भरा बनाना नहीं, बल्कि औषधीय पौधों के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना भी रहा। क्वाड्रा ग्रुप की ओर से डॉ. ऋषभ जैन तथा रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन के अध्यक्ष रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि औषधीय पौधों का रोपण इस अभियान को सामान्य पौधारोपण से अलग बनाता है।
उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी परिसर में क्लब द्वारा औषधीय पौधे लगाए गए थे। समय के साथ इन पौधों का बेहतर विकास हुआ, जिसे देखकर क्लब सदस्यों में उत्साह और संतोष का भाव दिखाई दिया। अध्यक्ष अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि पौधा लगाना शुरुआत भर है, उसकी वास्तविक सार्थकता तब है जब उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखा जाए।
इसी सोच के साथ इस बार लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर डॉ. अजय भार्गव, डॉ. रमा भार्गव, रमेश रावल, राजेश गुप्ता, हिमांशु पुंडीर, गौरव गिरी, सिद्धांत, अक्षरा, अर्पित अग्रवाल और विवेक गुप्ता समेत रोटरी क्लब के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर क्लब की ओर से डॉ. ऋषभ जैन सहित क्वाड्रा ग्रुप के प्रबंधन और समस्त स्टाफ का सहयोग एवं आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया गया।

