जिला सहकारी बैंक की कमान बिजेंद्र सिंह के हाथ, सुशील राठी बने उपाध्यक्ष
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार: जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार को मंगलवार को नई नेतृत्व व्यवस्था मिल गई। अध्यक्ष पद पर बिजेंद्र सिंह ने निर्विरोध जीत दर्ज कर बैंक की कमान संभाल ली, जबकि सुशील राठी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। खास बात यह रही कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत निर्वाचन से जुड़े सभी पदों पर सहमति से निर्विरोध निर्वाचन हुआ। परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण देहरादून के निर्धारित कार्यक्रम के तहत संपन्न कराई गई। निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की देखरेख में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विभिन्न सहकारी संस्थाओं के लिए प्रतिनिधियों के निर्वाचन की औपचारिकताएं पूरी हुईं। अध्यक्ष पद के लिए बिजेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष पद के लिए सुशील राठी के नाम पर किसी अन्य प्रत्याशी के सामने न आने से दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। राज्य सहकारी बैंक हल्द्वानी के प्रतिनिधित्व के लिए निर्धारित चार पदों पर रचना, रचित, बबली और सुशील कुमार निर्वाचित हुए। वहीं प्रादेशिक कोऑपरेटिव यूनियन के दो प्रतिनिधि पदों पर ज्योति और नवनीत सिंह तथा राज्य सहकारी संघ के एक प्रतिनिधि पद पर सुनील कुमार निर्विरोध चुने गए। निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने उपाध्यक्ष सुशील राठी और बैंक के संचालकों के साथ बैंक मुख्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान बैंक से जुड़े लोगों और समर्थकों ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में बैंक की आगे की कार्यप्रणाली को लेकर समर्थकों और सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। निर्विरोध निर्वाचन को सहकारी क्षेत्र में आपसी समन्वय और सहमति के रूप में भी देखा जा रहा है। इस दौरान सुभाष वर्मा, सुशील कुमार, अशोक चौधरी, सूर्यवीर मलिक, डॉ. रामपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राजवीर सिंह, नवनीत सिंह, देवेंद्र अग्रवाल, पुष्पराज सैनी, भारती देवी, आंचल सिंघल, लता देवी, ओम प्रकाश, उत्तम सिंह रावत, बबली देवी, सपना शर्मा, मोहम्मद इस्लाम, सुशील चौधरी मिरकपुर, पंकज कुमार एडवोकेट, राजेंद्र प्रसाद एडवोकेट, कुलबीर प्रधान मानपुर, रामवीर अध्यक्ष जिला सहकारी संघ, रचित अग्रवाल, पवन सैनी, अवनीश, पारुल, मांगेराम सिरोही और अनीश गौर सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।

