फुटबॉल प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों का पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सम्मान कर किया उत्साह वर्धन
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: मंगलौर रोड स्थित मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों का पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए अपने हुनर और मेहनत के दम पर नई पहचान बनाने का सशक्त जरिया भी है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि रुड़की और आसपास के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल इन प्रतिभाओं को सही मंच, बेहतर प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन देने की। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि फुटबॉल आज देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में लोकप्रिय खेल है। इस खेल में मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान कायम कर सकते हैं।
उन्होंने विजयी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैदान में मिली जीत को अपनी मंजिल न मानें, बल्कि इसे आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी समझें। युवा खिलाड़ी पूरी लगन और समर्पण के साथ अपने खेल को निखारें तथा भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें। गौरव गोयल ने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों के लिए भी प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर फुटबॉल कोच सुनील राणा ने पूर्व मेयर गौरव गोयल का आभार जताते हुए कहा कि उनका खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उत्साहवर्धन करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों को इसी तरह प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिलता रहा तो आने वाले समय में क्लब के प्रतिभाशाली खिलाड़ी बड़े मंचों पर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन करेंगे।g

