पूर्व मेयर गौरव गोयल ने राजकीय इंटर कॉलेज में बांटी पाठ्य सामग्री, कहा— छात्र ही भारत का भविष्य
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: राजकीय इंटर कॉलेज, रुड़की में उस समय विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया, जब पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरित करने के साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद को लेकर सार्थक संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सबसे जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश की जिम्मेदारी संभालेंगे और भारत के भविष्य को नई दिशा देंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पूरी लगन के साथ पढ़ाई करें और अपने परिवार, विद्यालय तथा शहर का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व और भविष्य को मजबूत बनाने का आधार है। युवाओं को शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। प्रधानाचार्य श्रीमती नीलम कटियार ने पूर्व मेयर गौरव गोयल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यार्थियों को लंबे समय से निशुल्क पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षण सामग्री की उपलब्धता कई बार चुनौती बन जाती है। ऐसे में यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई को आसान बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि गौरव गोयल द्वारा पिछले कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और इससे अन्य लोगों को भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विकास त्यागी, विक्रांत पुंडीर, गौरव प्रधान, नवीन जैन, सारंग ग्रोवर, ललित वालिया, आशा चौहान, दुर्गेश नंदिनी नेगी, देवेंद्र पाल, विनीत गोयल, रामकुमार शर्मा, विधाता रानी, सत्य प्रकाश यादव, ललित मोहन जोशी, मोहम्मद अरशद, अजय कुमार, सीमा राव, भारती गुप्ता, दीपा कौशिक, सुरेश चंद्र, सुभाष पंवार और पंकज बेंजवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सम्मानित विद्यार्थियों में अभिमन्यु सैनी, आदित्य सिंह, पवन कुमार गुप्ता, कृष्ण कुमार और अंकुश सैनी शामिल रहे।

