शिक्षा से संवरेगा बच्चों का भविष्य, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सैकड़ों विद्यार्थियों को बांटी निःशुल्क पाठ्य सामग्री
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बेहतर शिक्षा से ही रखी जा सकती है। इसी उद्देश्य के साथ पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सत्ती मोहल्ला स्थित मखदूम बख्श जूनियर स्कूल में सैकड़ों विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए जीवन में मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम मे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार और समाज की उन्नति का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।v
उन्होंने कहा कि जब बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ेंगे, तभी परिवार, समाज और देश की प्रगति को नई दिशा मिलेगी। गौरव गोयल ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने की सीख भी दी। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और नैतिक मूल्यों का महत्व समझना भी आवश्यक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद शमशाद ने पूर्व मेयर गौरव गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इस प्रकार के प्रयास बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हैं।b
उन्होंने कहा कि सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से किए गए ऐसे कार्य समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर आबिद हुसैन, उम्मेद गाजी, मकसूद हसन, मोहम्मद इंतजार, मोहम्मद नोमान, मोहम्मद सुहैल, मोहम्मद उवैस, नजमा, सामिया, शाजिया, इकरा, रियाज अहमद, कारी यूनुस, हाफिज नसीम, मोहम्मद जावेद और मौलाना इफ्तिखार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

