नवरात्रि पर मां दुर्गा की भक्ति में लीन हुए श्रद्धालु, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने की सुख-समृद्धि की कामना
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: नवरात्रि के पावन पर्व पर दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की और भव्य आरती में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम पंडित राजकुमार कौशिक, पंडित रोहित शास्त्री और पंडित केशव कौशिक के सानिध्य में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए और भजन-कीर्तन के माध्यम से माता का गुणगान किया।
श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भक्तिमय वातावरण से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक उल्लास छाया रहा। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की आराधना, आस्था और आत्मिक शक्ति का प्रतीक है। इन पावन दिनों में मां के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना करने से श्रद्धालुओं को सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के प्रति सच्ची श्रद्धा और विश्वास भक्तों को कठिन परिस्थितियों का सामना करने का संबल प्रदान करता है। नवरात्रि जैसे धार्मिक पर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ ही समाज में भक्ति और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान श्री मां दुर्गा मंदिर समिति की ओर से धार्मिक आयोजन में सहभागिता की गई। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर श्री मां दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष अशोक वर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सचिव सत्येंद्र पाल, सोनी रोड, उमा अग्रवाल, मोनिका, संजय कक्कड़ और सुमित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

