रामायण के प्रसंगों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है रामलीला: पूर्व मेयर गौरव गोयल
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: खंजरपुर स्थित श्रीकृष्ण रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ पूर्व मेयर गौरव गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सनातन परंपराओं की अमूल्य धरोहर है। इसके माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और रामायण के प्रेरणादायक प्रसंगों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाता है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, मर्यादा और नैतिक मूल्यों की सीख देने का प्रभावी माध्यम भी है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, त्याग और आदर्शों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराना और उन्हें अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराएं निरंतर जीवंत बनी रहें।
कार्यक्रम के दौरान रामलीला आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने पूर्व मेयर गौरव गोयल का सम्मान किया। इसके पश्चात रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को भावविभोर किया। मंचन की शुरुआत भरत-निषाद संवाद से हुई। इसके बाद चित्रकूट की मनमोहक झांकी और आकर्षक कुटिया का दृश्य प्रस्तुत किया गया।
भरत मिलाप के भावपूर्ण प्रसंग ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ा, जबकि अंत में जटायु मिलन के प्रसंग के साथ रामलीला मंचन का समापन हुआ। कलाकारों ने पारंपरिक शैली में प्रसंगों को प्रस्तुत कर रामायण की कथा को जीवंत रूप देने का प्रयास किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष महेश कुमार, सचिव अमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमन कुमार, राजेंद्र कुमार, आशीष कुमार, बादल वर्मा, तरुण पुंडीर, हिमांशु पासवान, अजय सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

