जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा रुड़की, नेहरू स्टेडियम में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व पर रुड़की में आस्था, उल्लास और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। बीटी गंज रामलीला समिति की ओर से आयोजित 107वें रामलीला महोत्सव के तहत नेहरू स्टेडियम में भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया गया, जहां रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया और उपस्थित जनसमूह ने उत्साह के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया। दशहरा उत्सव की शुरुआत बीटी गंज से निकाली गई भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरती हुई शोभायात्रा नेहरू स्टेडियम पहुंची, जहां रामलीला के कलाकारों ने भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं के बीच हुए युद्ध का सजीव मंचन किया।
युद्ध के अंतिम चरण में भगवान श्रीराम के हाथों रावण वध का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को रामायण की विजयगाथा से रूबरू कराया।
रावण वध के उपरांत अतिथियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।
पुतलों में आग लगते ही आतिशबाजी की गूंज के बीच पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान हो उठा। लोगों ने इस आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश आत्मसात किया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल ने किया। दशहरा मेले में मेयर अनीता देवी अग्रवाल, पूर्व मेयर गौरव गोयल, मनोज अग्रवाल, राकेश गर्ग, एडवोकेट नवीन जैन, विभोर सेठी, अक्षय प्रताप सिंह, दीपक शुक्ला, ललित मोहन अग्रवाल, प्रदीप परूथी, सावित्री मंगला, अरविंद गोयल और वरुण गोयल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं नगरवासी मौजूद रहे।
बीटी गंज रामलीला समिति के इस आयोजन ने एक बार फिर रुड़की में दशहरे की सांस्कृतिक परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता की जीवंत तस्वीर पेश की।

