City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

वृंदावन में आध्यात्मिक महाकुंभ, जीवनदीप आश्रम का भव्य शुभारंभ

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

वृंदावन: धार्मिक नगरी वृंदावन के सेक्टर-32, रुक्मिणी विहार में आज आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक वैभव से भरा ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जहां जीवनदीप आश्रम का भव्य लोकार्पण समारोह अत्यंत गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर देशभर से पहुंचे संतों, विद्वानों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। समारोह में सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती, साध्वी ऋतम्भरा दीदी और जूना अखाड़ा के पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जैसे कई बड़े नाम शामिल हुए, जिन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के मुख्य यजमान डॉ. अभिषेक वर्मा के करकमलों द्वारा सम्पन्न इस आयोजन में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। अपने संबोधनों में संतों और अतिथियों ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और समाज में नैतिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मिजोरम का पारंपरिक बांस नृत्य और हनुमान चालीसा पर युवाओं की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं पूर्वोत्तर भारत और लेह-लद्दाख की झलकियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को जीवंत कर दिया। जीवनदीप आश्रम के अध्यक्ष स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज ने कहा कि यह आश्रम सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और समाज सेवा के लिए समर्पित रहेगा और भविष्य में देशभर में ऐसे और केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अभिषेक वर्मा ने सभी संतों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्रम को आध्यात्मिक जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक सेवा का केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान कई प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिनमें भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह की सक्रिय उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इस दौरान अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक केंद्र समाज को जोड़ने और युवा पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जीवनदीप आश्रम आने वाले समय में समाज सेवा, शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में एक मिसाल बनेगा। साथ ही इस अवसर पर अरविंद कश्यप (व्यापार मंडल अध्यक्ष), सौरभ सिंघल, एस एन गोयल, कमल सैनी, रोमा सैनी, निरोत्तम योगी, विकास गिरी और सौरभ चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Translate »
Right Menu Icon