गणेश गोदियाल के जन्मदिन पर गंगा घाट पर भव्य आरती, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने लिया जनसेवा का संकल्प
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: रुड़की के पवित्र गंगा घाट पर शुक्रवार को आस्था और सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के 58वें जन्मदिवस के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया।
इस मौके पर उनके स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और सफल नेतृत्व के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। इस आयोजन में नगर के पूर्व मेयर गौरव गोयल ने प्रमुख भूमिका निभाते हुए अपने दर्जनों समर्थकों के साथ गंगा घाट पहुंचकर पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की और आरती में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके दीर्घ और सफल जीवन की कामना की।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने इस अवसर पर जनसेवा के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि वह लंबे समय से नगर की सेवा में समर्पित हैं और भविष्य में भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज और नगर के विकास के लिए ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन लोगों को जोड़ने का काम करते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान गंगा घाट भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा। वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी ने माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर पंडित रोहित वैदिक के नेतृत्व में पंडित सचिन शास्त्री, पंडित चंद्र मोहन, पंडित ध्रुव कौशिक, पंडित लवकुश, पंडित कार्तिक मिश्रा के साथ-साथ टोनी गंगाभक्त, विभोर अग्रवाल, रजनीश गुप्ता, वरुण गोयल, अनूप शर्मा, ऋषभ वर्मा, तुषार गोयल, वरुण अग्रवाल और संजय मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाया।

