गौकशी की फरार महिला आरोपी पर चला ऑपरेशन प्रहार, दो माह बाद पुलिस के हत्थे चढ़ी
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन प्रहार लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। गौकशी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए भगवानपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। करीब दो माह से फरार चल रही गौकशी के मामले की वांछित महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर थी, लेकिन लगातार की जा रही निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते आखिरकार वह पुलिस के शिकंजे में आ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को गौकशी में शामिल आरोपियों तथा वांछित अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने लगातार क्षेत्र में निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी और वांछित आरोपी की तलाश तेज कर दी। वहीं आज पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम सिरचन्दी निवासी वांछित महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार महिला उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम से संबंधित मुकदमे में नामजद थी और पिछले लगभग दो माह से फरार चल रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बालाराम जोशी, कांस्टेबल संजीव यादव और महिला कांस्टेबल मनीषा शामिल रहीं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि गौकशी जैसे अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

