City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

जमीन घोटाले का एक और किरदार गिरफ्तार, धोखाधड़ी की रकम खाते में लेने वाला आरोपी दबोचा गया

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: हरिद्वार पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार सफलता हासिल कर रहा है। इसी क्रम में रुड़की पुलिस ने जमीन की रजिस्ट्री में हुई लाखों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का महत्वपूर्ण खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि को अपने बैंक खाते में लेने और उसके लेन-देन में शामिल था।

जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर 2024 को ज्वालापुर निवासी संजीव कुमार द्वारा कोतवाली रुड़की में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कुछ लोगों ने जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर धोखाधड़ी कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। मामले में रणबीर, इस्लाम और अजय उर्फ पिंकू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान रुड़की पुलिस ने मुख्य आरोपी रणबीर पुत्र कंवरपाल निवासी पीतपुर थाना लक्सर तथा अजय उर्फ पिंकू पुत्र राजकुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद से तीसरे आरोपी इस्लाम पुत्र अख्तर निवासी मुस्तफाबाद उर्फ पदार्थ थाना पथरी की तलाश लगातार जारी थी। पुलिस टीम द्वारा साक्ष्य जुटाने और आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की के निर्देशन में गठित टीम ने 4 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी इस्लाम पुत्र अख्तर को उसके गांव मुस्तफाबाद उर्फ पदार्थ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी भूमि धोखाधड़ी से प्राप्त धन को अपने खाते में लेने और उसके उपयोग में शामिल पाया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी, हेड कांस्टेबल नूर हसन और कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जमीन संबंधी धोखाधड़ी करने वालों और ऐसे अपराधों में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Translate »
Right Menu Icon