श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज मखदुमपुर में योग से गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज मखदुमपुर के प्रांगण में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उमंग और अनुशासन के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। योग दिवस के अवसर पर पूरे परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान योग साधक द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
विद्यार्थियों ने ताड़ासन, अनुलोम-विलोम, भुजंगासन सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास कर योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय आर्य ने एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को भी शांत और एकाग्र बनाता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक विजय प्रधान, प्रधानाचार्य संजय आर्य, सूबेदार सुनील, हवलदार गोविंद, सेकंड ऑफिसर सुशील कुमार, सेकंड ऑफिसर अनुज कुमार, कैप्टन सुशील आर्य, शोभित पवार, जीतेंद्र कुमार प्रवक्ता, अभिषेक कुमार, उपासना, सूरज कुमार, सुधीर कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डी.ए.वी. इंटर कॉलेज झबरेड़ा, चरत निकेतन सहित अन्य विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समाज में योग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम राष्ट्रहित, स्वास्थ्य जागरूकता और अनुशासित जीवन शैली के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

