City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

City News Network :मौहम्मद नाज़िम):::

मखदुमपुर: देशसेवा का जज़्बा, अनुशासन की मिसाल बनने का सपना और वर्दी पहनने का उत्साह… कुछ ऐसा ही जोश मंगलवार को श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज, मखदुमपुर में देखने को मिला, जहां 84 यूके बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में जूनियर डिवीजन (JD) एवं सीनियर डिवीजन (SD) कैडेटों की भर्ती प्रक्रिया उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। भर्ती में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता, अनुशासन, फिटनेस और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर परीक्षण किया गया। पूरे परिसर में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। चयन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार एवं प्रबंधक प्रधान विजय कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्रों से एनसीसी के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। भर्ती प्रक्रिया का संचालन 84 यूके बटालियन एनसीसी, रुड़की की टीम ने किया। चयन दल में नायब सूबेदार सुनील कुमार बिष्ट, नायब सूबेदार प्रदीप सिंह, हवलदार अजयबीर तथा हवलदार निर्मल सिंह ने अभ्यर्थियों का परीक्षण एवं चयन किया। वहीं विद्यालय की ओर से सीटीओ अभिषेक कुमार और सीटीओ श्रीमती उपासना ने भर्ती व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह भर्ती कार्यक्रम 84 यूके बटालियन एनसीसी, रुड़की के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जगदीश आलमिया के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम के समन्वय एवं सफल संचालन में श्री रवि कपूर का विशेष योगदान रहा। भर्ती प्रक्रिया के समापन पर विद्यालय परिवार ने एनसीसी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा चयनित कैडेटों को उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर होने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Translate »
Right Menu Icon