प्रेम में मां बनी रोड़ा तो बेटी ने रच डाली खौफनाक साजिश, प्रेमी संग मिलकर कर दी हत्या



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
मंगलौर: प्रेम संबंध में मां की कथित रोक-टोक बेटी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने ही प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रच डाली। हरिद्वार के मंगलौर में सामने आए इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद किया है। मामला 18 अगस्त का है। पुराना मंगलौर नहर पुल के समीप एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए रुड़की मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस ने महिला की पहचान के लिए सोशल मीडिया सहित कई माध्यमों का सहारा लिया। इसी दौरान ओली माजरा, बुढ़ाना निवासी अरविंद ने शव की पहचान अपनी पत्नी कविता के रूप में की। पहचान होते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच टीमों ने घटनास्थल से लेकर आसपास के इलाकों तक करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घंटों की फुटेज और तकनीकी पड़ताल के दौरान एक ब्रेजा कार पुलिस के रडार पर आई। इसके बाद मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। जांच में पुलिस के सामने जो कहानी आई, उसने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया। पुलिस के मुताबिक मृतका की बेटी उन्नति का आकाश चौहान से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मां कथित तौर पर इस रिश्ते का विरोध करती थी और बेटी को बार-बार समझाती थी। पुलिस के अनुसार, उन्नति और आकाश ने मां को अपने प्रेम संबंध में सबसे बड़ी बाधा मानते हुए उसकी हत्या की योजना तैयार की।
पुलिस का दावा है कि साजिश के तहत दोनों ने महिला को बुढ़ाना से ब्रेजा कार में बैठाया और हरिद्वार जाने की बात कही। रास्ते में दोनों ने कथित तौर पर महिला को पकड़ लिया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया गया और दोनों वहां से फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश चौहान पुत्र रविंद्र निवासी दूल्हेड़ा, पल्लवपुरम, मेरठ और उन्नति पुत्र अरविंद निवासी ग्राम ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार संख्या UP14EZ-5346 और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर, उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल और महिला आरक्षी अजू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।


























