कुमारी शैलजा से भेंट कर अरविंद प्रधान ने भेंट किया अशोक चिन्ह, 2027 के चुनावी रण पर हुआ महामंथन



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
नई दिल्ली: उत्तराखंड की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अरविंद प्रधान ने दिल्ली स्थित कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान अरविंद प्रधान ने कुमारी शैलजा को अशोक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। दोनों नेताओं के बीच आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन की मजबूती और कांग्रेस की रणनीति को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मुलाकात के दौरान हल्द्वानी के कथित शुद्धिकरण प्रकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अरविंद प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 8 अगस्त के दौरे के बाद जिस तरह मंच के कथित शुद्धिकरण की बात सामने आई, उसने भाजपा सरकार की दलित विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस का नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और बराबरी के अधिकार का सवाल है। प्रदेश महामंत्री अरविंद प्रधान ने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन और घर-घर तक पहुंचाने में जुटा है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। अरविंद प्रधान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि प्रदेश की जनता तानाशाही और कथित दलित विरोधी मानसिकता वाली सरकार को सत्ता से बाहर करने का फैसला करे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंडवासी ऐसी मानसिकता को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक कथित शुद्धिकरण प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। यह मुद्दा आने वाले दिनों में उत्तराखंड की सियासत में और अधिक गरमाने के संकेत दे रहा है।


























