रामपुर डांडी में 9.32 लाख की लागत से आंतरिक सड़कों का उद्घाटन, विधायक हाजी फुरकान अहमद ने किया लोकार्पण
City News Network (मौहम्मद नाज़िम)
रुड़की : विधानसभा पिरान कलियर के नगर पंचायत रामपुर के वार्ड नंबर 06 स्थित रामपुर डांडी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए जिला योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 9 लाख 32 हजार रुपये की लागत से नानू की डेरी से जुड़ी आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। सड़क का उद्घाटन पिरान कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने किया।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत बताया। आंतरिक सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। इस दौरान विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में बेहतर संपर्क मार्ग होना स्थानीय विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में शहनजर, नौशाद, छोटा, अनीश, फरमान, जौहर हसन, छोटा ठेकेदार, बादशाह सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की अन्य समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी जरूरतों को भी रखा। बताया गया कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद रामपुर डांडी के इस हिस्से में रहने वाले लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और रोजमर्रा की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने विकास कार्य को लेकर विधायक हाज़ी फुरकान अहमद का आभार जताया।

