October 20, 2026

City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

गणेशपुर कन्या पाठशाला में मेधावी छात्राओं का सम्मान, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने वितरित की पाठ्य सामग्री

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: गणेशपुर स्थित कन्या पाठशाला माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाठ्य सामग्री वितरण एवं मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरित की तथा हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टॉपर छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि शिक्षा जीवन को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति पूरी लगन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और बेहतर शिक्षा के बल पर विद्यार्थी न केवल अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज का नाम भी रोशन कर सकते है। उन्होंने सम्मानित छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय की इन बेटियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से सफलता हासिल कर न केवल विद्यालय का गौरव बढ़ाया है, बल्कि अपने माता-पिता और समाज को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने छात्राओं के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि आज के दौर में बेटियों का शिक्षित, सशक्त, आत्मनिर्भर और सक्षम बनना बेहद जरूरी है। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा को केवल परीक्षा और अंक प्राप्त करने तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने जीवन में आगे बढ़ने का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि ज्ञान और शिक्षा ही वह ताकत है, जिसके जरिए विद्यार्थी अपने सपनों को हकीकत में बदल सकते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सरिता ने पूर्व मेयर गौरव गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को लगातार पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना बच्चों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पूर्व मेयर पिछले कई वर्षों से विद्यालय में निशुल्क पाठ्य सामग्री का वितरण करते आ रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना पैदा करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की टॉपर छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई। सम्मानित होने वाली छात्राओं में प्रियांशी, राधिका, अक्सा, छवि राणा, वैष्णवी यादव, खुशबू, निशत, अलफिजा और अलीना शामिल रहीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुंदरलाल, संस्थापक सत्येंद्र कुमार, श्रीमती शेफाली शर्मा, शालिनी गुप्ता, विजय लक्ष्मी, विकास बंसल, रवि तोमर, शुभम भारद्वाज, गौरव त्यागी, पूर्व पार्षद संजय गुड्डू सहित पून, पूजा, प्रीति, नीतू, अंजलि, मीनाक्षी, आयुषी, सोनाक्षी, स्वाती, सरिता, बबीता, नीरू व रजनी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Translate »
Right Menu Icon